
Sambhal News: भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव की हत्या कर दी गई। हमले से पहले उन्होंने अपनी हत्या की आशंका जताई थी। बाइक सवार युवकों ने उन्हें जहरीला इंजेक्शन लगाकर फरार हो गए। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
उत्तर प्रदेश के संभल जिले से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। संभल के गन्नौर क्षेत्र के कद्दावर भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव की सोमवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उनकी मौत को लेकर आरोप लग रहे हैं कि उनकी हत्या की गई है। जहरीला इंजेक्शन लगाकर उनकी हत्या कर दी गई है। जानकारी के मुताबिक कुछ बाइक सवार युवकों ने उन्हें तब जहर का इंजेक्शन लगाया जब वह सोमवारी की दोपहर में करीब एक बजे अपने जुनावई ब्लॉक क्षेत्र के ग्राम दफ्तरा हिंमंचल स्थित घर में चारपाई पर बैठे थे। युवकों ने उन्हें जहरीला इंजेक्शन लगाया और फरार हो गए।
तीन दशक से राजनीति में सक्रिय थे
करीब 65 वर्षीय गुलफाम सिंह यादव पिछले तीन दशकों से राजनीति में सक्रिय थे। 2004 में गुन्नौर विधानसभा के उपचुनाव में उन्होंने भाजपा के टिकट पर पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के खिलाफ चुनाव लड़ा था। वह पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य, भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य, क्षेत्रीय उपाध्यक्ष (पश्चिमी उत्तर प्रदेश), आरएसएस के जिला कार्यवाह और भाजपा के महामंत्री जैसे पदों पर भी रहे थे। उनकी पत्नी जावित्री देवी लगातार तीन बार से गांव की प्रधान हैं, जबकि 2019 के जुनावई ब्लॉक प्रमुख उपचुनाव में उनके पुत्र दिव्य प्रकाश यादव को ब्लॉक प्रमुख चुना गया था।